वसई विरार में पिछले 35 वर्षों के विकास कार्यों का श्रेय गलत तरीके से लिया जा रहा है – हितेंद्र ठाकुर
वसई विरार में पिछले 35 वर्षों के विकास कार्यों का श्रेय गलत तरीके से लिया जा रहा है – हितेंद्र ठाकुर
विरार(मयंक रावत): बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) के लोकनेता हितेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया है कि पिछले 35 वर्षों में उनके और उनकी पार्टी द्वारा किए गए विकास कार्यों का श्रेय वर्तमान जनप्रतिनिधि ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि न केवल कई बड़े विकास कार्य पूरे किए गए, बल्कि अनेक परियोजनाओं को मंज़ूरी दिलाकर शहर के लिए भारी मात्रा में फंड भी लाया गया, लेकिन आज वही कार्य दूसरों के नाम से बताए जा रहे हैं।
हितेंद्र ठाकुर ने उदाहरण देते हुए कहा कि 9 जुलाई 2024 को अछोले में एक अस्पताल के लिए 25 करोड़ रुपये मंज़ूर किए गए थे, लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी उस काम की शुरुआत नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी आलोचना करने के बजाय वर्तमान जनप्रतिनिधियों को यह बताना चाहिए कि पिछले डेढ़ साल में उन्होंने शहर के लिए क्या काम किए हैं।
एक ही मंच पर चर्चा के लिए खुली अपील
नगर निगम चुनाव की पृष्ठभूमि में एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में हितेंद्र ठाकुर ने वर्तमान विधायक से खुली अपील करते हुए कहा, “मैं उनके साथ एक ही मंच पर बैठने के लिए तैयार हूं।”उन्होंने बताया कि जब वे विधायक थे, तब उन्हें तत्कालीन शासकों की ओर से कई बार मंत्री पद का प्रस्ताव मिला, लेकिन उन्होंने हमेशा पद की बजाय वसई–विरार क्षेत्र के विकास के लिए फंड मंज़ूर कराने को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि एक वोट के आधार पर भी उन्होंने वसई तालुका के लिए सूर्य जल योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंज़ूरी दिलाई।
वर्तमान जनप्रतिनिधियों से सवाल
हितेंद्र ठाकुर ने कहा कि लगातार उनकी आलोचना करने वाले यह न भूलें कि पिछले 35 वर्षों में विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि लोकसभा, स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और विधान परिषद से चुने गए थे। ऐसे में आज सवाल यह है कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल में क्या ठोस विकास कार्य किए हैं।
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मिली थी मंज़ूरी
उन्होंने बताया कि जब वे और क्षितिज ठाकुर विधायक थे, तब मुख्यमंत्री और MMRDA के माध्यम से कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मंज़ूरी दिलाई गई थी, जिनका पूरा पत्राचार उनके पास मौजूद है। इनमें शामिल हैं
वसई तालुका में 7 अलग-अलग स्थानों पर फ्लाईओवर
नगरपालिका क्षेत्र में 4 प्रमुख शहरों को जोड़ने वाला 40 मीटर चौड़ा रिंग रोड
रेलवे के पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला ओवरब्रिज
राजमार्गों को जोड़ने वाली 7 प्रमुख सड़कें
(विरार फाटा–अर्नाला, नालासोपारा फाटा–नालासोपारा, वसई फाटा–वसई गांव आदि)
भायंदर–नायगांव के बीच वसई खाड़ी पर पुल
उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्हें हराने की राजनीति करने के बजाय, जनता के प्रतिनिधियों को यह बताना चाहिए कि इन सभी विकास कार्यों का आज क्या हुआ।
पानी के मुद्दे पर भी तीखा बयान
पानी के मुद्दे पर बोलते हुए हितेंद्र ठाकुर ने कहा, “पहले वसईकरों को सिर्फ 60 लाख लीटर पानी मिलता था। मेरी कोशिशों से आज यह बढ़कर 40 करोड़ लीटर तक पहुंच गया है। अगर पिछले ढाई साल में किसी ने शहर के लिए पानी की एक बूंद भी लाई हो, तो वह जनता को दिखाए।”