ऑटो-रिक्शा व टैक्सी ड्राइवर–मालिक फेडरेशन का बहुजन विकास अघाड़ी को सार्वजनिक समर्थन
ऑटो-रिक्शा व टैक्सी ड्राइवर–मालिक फेडरेशन का बहुजन विकास अघाड़ी को सार्वजनिक समर्थन
(संवाददाता मयंक रावत)
विरार: आगामी वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन आम चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए ऑटो-रिक्शा व टैक्सी ड्राइवर–मालिक फेडरेशन (रजिस्टर्ड) ने बहुजन विकास अघाड़ी (बीवीए) को अपना सार्वजनिक समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की है। यह समर्थन फेडरेशन के अध्यक्ष महेश ए. कट्टा द्वारा हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से बहुजन विकास अघाड़ी के अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर को भेजकर घोषित किया गया। पत्र में उल्लेख किया गया है कि बहुजन विकास अघाड़ी ने वसई–विरार शहर में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी ड्राइवरों व मालिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लगातार आवाज़ उठाई है तथा प्रशासन के समक्ष उन्हें न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाई है।
फेडरेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों को आई आर्थिक परेशानियों के समय बहुजन विकास अघाड़ी ने सरकार से संवाद कर सहायता दिलाने के प्रयास किए, जिससे हजारों ड्राइवरों को राहत मिली। इस योगदान को देखते हुए फेडरेशन ने लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण चरण में बहुजन विकास अघाड़ी की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया है। पत्र में यह घोषणा भी की गई है कि फेडरेशन शहर के सभी उम्मीदवारों को पूर्ण समर्थन देगा और वसई–विरार शहर के समग्र, संतुलित व जनहितैषी विकास के लिए बहुजन विकास अघाड़ी के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि ऑटो-रिक्शा व टैक्सी ड्राइवर–मालिक फेडरेशन का यह सार्वजनिक समर्थन आगामी नगर निगम चुनावों में बहुजन विकास अघाड़ी के चुनाव अभियान को नई मजबूती प्रदान करेगा।