नालासोपारा में सीएम फडणवीस की विजय संकल्प सभा,बोले वसई-विरार अब विकास में पीछे नहीं रहेगा
ब्रेकिंग न्यूज़
नालासोपारा में सीएम फडणवीस की विजय संकल्प सभा,बोले वसई-विरार अब विकास में पीछे नहीं रहेगा
नालासोपारा(मयंक रावत) : वसई-विरार महानगरपालिका चुनाव के अवसर पर नालासोपारा-पूर्व के सेंट्रल पार्क ग्राउंड में महायुति की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भव्य विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से नगर निगम चुनाव में महायुति को समर्थन देने की अपील की। फडणवीस ने कहा“मैं आप सभी से नगर निगम चुनाव के मौके पर मिलने आया हूं। आपने पिछले विधानसभा चुनाव में क्रांतिकारी बदलाव किया है। अब वसई-विरार विकास में पीछे नहीं रहेगा,” यह भरोसा नालासोपारा में आयोजित विजय संकल्प सभा में महाराष्ट्र के ‘इंफ्रा मैन’ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने अप्रत्यक्ष रूप से बहुजन विकास आघाड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि वसई-विरार नगर निगम का अब तक एटीएम की तरह इस्तेमाल किया गया। सत्ता में बैठे लोगों ने जनता के बजाय अपने घर भरे, जिससे टैंकर माफिया, रेत माफिया और केरोसिन माफिया पैदा हुए। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम इस बात का उदाहरण है कि सत्ता किसके पास होनी चाहिए और किसके पास नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एक के बाद एक शहरों का कायाकल्प हुआ है। पानी, सीवरेज, स्ट्रीटलाइट, स्वास्थ्य सेवाएं और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे किए गए, लेकिन वसई-विरार में यह संभव नहीं हो पाया। “इस शहर का अब तक सबसे ज्यादा विकास हो जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विधानसभा चुनाव में आपने बदलाव किया, अब नगर निगम में भी बदलाव होगा,” उन्होंने विश्वास दिलाया।
करोड़ों के विकास प्रोजेक्ट्स की जानकारी
मुख्यमंत्री फडणवीस ने वसई-विरार शहर में प्रस्तावित करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट, उत्तन से विरार सी हाईवे, अछोले मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तन-विरार सी हाईवे के पूरा होने से मुंबई मात्र 30 से 35 मिनट में पहुंची जा सकेगी। इसके अलावा विरार-अलीबाग मल्टीकॉरिडोर, मुंबई-वडोदरा हाईवे और बुलेट ट्रेन परियोजनाओं से वसई-विरार का विकास और तेज होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण को लेकर डर फैलाया जा रहा है, लेकिन गरीबों के लिए SRA और क्लस्टर जैसी नीतियां लाई जा रही हैं, जिससे शहर का नियोजित और आधिकारिक विकास हो सके।
पानी,पर्यावरण और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीने के पानी की समस्या वसई-विरार की सबसे बड़ी समस्या है, जिसे हल करने के लिए देहरजी योजना और MMRDA की सभी योजनाएं पूरी की जाएंगी। वसई की ग्रीन बेल्ट और कोलीवाड़ा साइट्स की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यहां देश का सबसे बड़ा बंदरगाह और तीसरा मुंबई विकसित हो रहा है, जिससे करीब 10 हजार नौकरियां सृजित होंगी। पिछले एक साल में नालासोपारा-वसई विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य पूरे होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग से वसई-विरार को ऐसा बनाया जाएगा, जो पूरे महाराष्ट्र को चौंका देगा।
नेताओं के संबोधन
सभा में ट्रांसफॉर्मेशन मिनिस्टर प्रताप सरनाईक ने कहा कि वसई-विरार के विकास का लक्ष्य मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तय कर लिया है और अब इस क्षेत्र का विकास उनकी अगुवाई में होगा।
विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने इसे विकास, आत्मसम्मान और सच की लड़ाई बताते हुए कहा कि वर्षों से जनता को पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा गया। उन्होंने महायुति सरकार को वसई-विरार के विकास के लिए जरूरी बताया और भाजपा को वोट देने की अपील की। विधायक राजन नाइक ने कहा कि नगर निगम चुनाव असली लड़ाई है, जिसमें SRA और क्लस्टर योजनाओं को लागू कर लोगों को बेहतर आवास और सुविधाएं दी जाएंगी।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर ट्रांसफॉर्मेशन मिनिस्टर प्रताप सरनाईक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, चुनाव प्रभारी पूनमताई महाजन, सांसद डॉ. हेमंत सवारा, विवेक पंडित, विधायक स्नेहाताई दुबे-पंडित, विधायक राजन नाइक, विधायक राजेंद्र गावित, शिवसेना (बालासाहेब ठाकरे) संपर्क प्रमुख रविंद्र फाटक सहित अनेक गणमान्य नेता, महायुति के उम्मीदवार, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में महायुति का विकास कॉन्सेप्ट भी जारी किया गया।