वीवीसीएमसी चुनाव में विरार पूर्व के प्रभाग 7 में दिग्गजों की सीधी टक्कर
वीवीसीएमसी चुनाव में विरार पूर्व के प्रभाग 7 में दिग्गजों की सीधी टक्कर
विरार(मयंक रावत): वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) चुनाव में विरार पूर्व का प्रभाग क्रमांक 7 इस बार सबसे चर्चित हॉट सीट बनकर उभरा है। इस प्रभाग से बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के प्रशांत राउत और शिवसेना (शिंदे गुट) के सुदेश चौधरी आमने-सामने हैं। खास बात यह है कि दोनों ही उम्मीदवार इससे पहले एक ही पार्टी बविआ से चार-चार बार नगरसेवक रह चुके हैं।
पूर्व नगरसेवक सुदेश चौधरी ने इस चुनाव से पहले बविआ को छोड़कर शिवसेना (शिंदे गुट) का दामन थामा है, जबकि उनके मुकाबले में बविआ ने अनुभवी नेता प्रशांत राउत को मैदान में उतारा है। दोनों दिग्गज नेताओं के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
यदि बीते चुनावों पर नजर डालें तो वसई-विरार महानगरपालिका में अब तक स्थानीय पार्टी बहुजन विकास आघाड़ी का दबदबा रहा है और उसने अधिकांश चुनाव एकतरफा जीते हैं। हालांकि, समय के साथ क्षेत्र की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। वर्तमान में राजनीतिक समीकरण बदल चुके हैं, जिसके चलते कई प्रभाग हॉट सीट बन गए हैं।
विरार पूर्व के प्रभाग क्रमांक 7 में बविआ उम्मीदवार प्रशांत राउत चार बार नगरसेवक और एक बार सभापति रह चुके हैं। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी सुदेश चौधरी भी बविआ से चार बार नगरसेवक और तीन बार सभापति का पद संभाल चुके हैं। इस प्रभाग के पैनल ‘क’ में दोनों के बीच सीधा मुकाबला है।
उल्लेखनीय है कि वीवीसीएमसी की कुल 115 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें मुख्य मुकाबला बहुजन विकास आघाड़ी और भाजपा के बीच माना जा रहा है। मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी।