238 करोड़ रुपये के जब्त मादक पदार्थों को किया गया नष्ट, मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
238 करोड़ रुपये के जब्त मादक पदार्थों को किया गया नष्ट, मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मयंक रावत
मीरा-भाईंदर: विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा के अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष-1 ने 67 मामलों में जब्त किए गए करीब 238.18 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों और नशीले पदार्थ बनाने में उपयोग होने वाले कच्चे माल को नष्ट कर दिया।
पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में तथा मादक पदार्थ मुद्देमाल नाश समिति की अनुमति के बाद एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत दर्ज 67 मामलों में जब्त 326 किलो 559 ग्राम तैयार मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। इनमें गांजा, चरस, मेफेड्रोन (एमडी), हेरोइन, इफेड्रिन, कोकीन, कफ सिरप की बोतलें तथा ट्रामाडोल टैबलेट्स शामिल हैं। इसके अलावा 2 मामलों में जब्त 1,541 किलो 356 ग्राम नशीले पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल (रॉ मटेरियल) को भी नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 238 करोड़ 18 लाख 130 रुपये बताया गया है। यह कार्रवाई 29 जून 2026 को मुंबई वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड, तळोजा (पनवेल, रायगढ़) स्थित संयंत्र में की गई।
इस अभियान का संचालन पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे, अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष-1 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक समीर शेख तथा अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष-1 एवं 2 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।