वसई-विरार में बेखौफ चेन स्नैचर,एक दिन में तीन महिलाओं के लुटे गहने

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
19 नवंबर 2026, 09:41 AM
62 व्यूज
admin
admin
Editor
वसई-विरार में बेखौफ चेन स्नैचर,एक दिन में तीन महिलाओं के लुटे गहने
मुख्य बिंदु:

वसई-विरार में बेखौफ चेन स्नैचर,एक दिन में तीन महिलाओं के लुटे गहने

वसई-विरार में बेखौफ चेन स्नैचर,एक दिन में तीन महिलाओं के लुटे गहने 

(राजा कोळी)

वसई: वसई-विरार शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दोपहिया वाहनों पर सवार अज्ञात बदमाशों ने 17 नवंबर को एक ही दिन में तीन अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। तीनों वारदातों में करीब 45 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

 प्रगतिनगर में 61 वर्षीय महिला को धक्का देकर चेन छीनी

पहली वारदात नालासोपारा पूर्व के प्रगतिनगर इलाके में हुई। 61 वर्षीय कुसुम इंद्रभान सिंह, निवासी ओसवाल नगरी, प्रगतिनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान काले रंग की स्कूटर पर सवार दो युवक पाटला डेयरी के सामने महालक्ष्मी अपार्टमेंट के पास पहुंचे और उनके गले से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली। इसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

महिला ने जब चेन बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें डराया-धमकाया और धक्का देकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान महिला के गले में चोट भी आई। दोनों आरोपियों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। स्कूटर चालक ने काले रंग की जैकेट और ग्रे पैंट, जबकि पीछे बैठे आरोपी ने काली शर्ट और ग्रे पैंट पहन रखी थी। इस मामले में तुलिंज पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अस्पताल से घर लौट रही महिला की चेन झपटी

दूसरी घटना वसई पूर्व के गोखिवरे इलाके में दोपहर करीब 2 से 2:15 बजे के बीच हुई। 48 वर्षीय अनिता राजेश पांडे एवरशाइन म्युनिसिपल अस्पताल से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह हिल्टन आर्केड सोसायटी के सामने पहुंचीं, सामने से गलत दिशा में सफेद रंग की पुरानी स्कूटी पर सवार दो युवक आए।

आरोपियों ने उनके पास स्कूटी लाकर गले में पहनी करीब 8 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। चेन खींचने से महिला के गले में जोर का झटका लगा और दर्द होने लगा। चोरी हुए आभूषण की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच और शरीर दुबला-पतला बताया गया है। इस मामले में वालीव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।

मंगलसूत्र लूटकर भागे बदमाश

तीसरी वारदात नालासोपारा पूर्व के आचोले गांव में हुई। 40 वर्षीय सुजाता संजय परब आचोले तालाब के गेट नंबर-2 के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर की दिशा से एक्टिवा जैसी गाड़ी पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। गाड़ी पर पीछे बैठे आरोपी ने सफेद शर्ट पहन रखी थी। उसने सुजाता परब के गले से करीब 17 ग्राम वजन का मंगलसूत्र झपट लिया, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। वारदात के दौरान महिला सामने की ओर गिर पड़ीं, जिससे उन्हें मामूली चोट आई। आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। वाहन का नंबर पता नहीं चल सका। इस मामले में आचोले पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तीन वारदातें,45 ग्राम सोना और लाखो का सफाया

एक ही दिन में हुई इन तीन घटनाओं में बदमाशों ने कुल 45 ग्राम सोने के आभूषणों को निशाना बनाया। इनमें 61 वर्षीय कुसुम सिंह की एक लाख रुपये की चेन, 48 वर्षीय अनिता पांडे की 90 हजार रुपये की चेन और 40 वर्षीय सुजाता परब का डेढ़ लाख रुपये का मंगलसूत्र शामिल है। कुल चोरी की कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

नालासोपारा पूर्व के प्रगतिनगर और आचोले से लेकर वसई पूर्व के गोखिवरे तक हुई इन वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। तीनों मामलों में तुलिंज, वालीव और आचोले पुलिस स्टेशन में अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।

लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से स्थानीय महिलाओं और नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। नागरिकों ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने, दोपहिया वाहनों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।