वसई-विरार में चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,एक दिन में तीन महिलाओं को बनाया था निशाना

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
23 नवंबर 2026, 06:24 PM
1 व्यूज
admin
admin
Editor
वसई-विरार में चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,एक दिन में तीन महिलाओं को बनाया था निशाना
मुख्य बिंदु:

वसई-विरार में चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,एक दिन में तीन महिलाओं को बनाया था निशाना

वसई-विरार में चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,एक दिन में तीन महिलाओं को बनाया था निशाना

(मयंक रावत)

वसई: वसई-विरार क्षेत्र में महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनकर फरार होने वाले दो शातिर आरोपियों को मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-3, विरार ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 17 नवंबर 2026 को महज 30 मिनट के भीतर वसई पूर्व और नालासोपारा पूर्व में तीन महिलाओं को निशाना बनाकर जबरन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चेन स्नैचिंग और एक दोपहिया वाहन चोरी का मामला उजागर किया है।

पुलिस के अनुसार, पहली वारदात 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे वसई पूर्व के एवरशाइन सिटी स्थित महानगरपालिका अस्पताल से घर जा रही 48 वर्षीय महिला के साथ हुई। हिल्टन आर्केड सोसायटी के सामने सफेद स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाश महिला के पास पहुंचे। पीछे बैठे आरोपी ने महिला के गले से करीब 8 ग्राम वजन की सोने की चेन जबरन छीन ली और दोनों फरार हो गए। इस मामले में वालीव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। दूसरी घटना उसी दिन दोपहर करीब 2:30 बजे नालासोपारा पूर्व के आचोले तालाब के सामने हुई। यहां 40 वर्षीय महिला पैदल जा रही थी, तभी सफेद एक्टिवा पर सवार दो बदमाशों ने उसके गले से करीब 17 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इस दौरान हुई छीना-झपटी में महिला सड़क पर गिर गई और उसे मामूली चोटें आईं। इस संबंध में आचोले पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। तीसरी वारदात दोपहर करीब 2:40 बजे नालासोपारा पूर्व के ओसवाल नगरी से प्रगतिनगर की ओर जा रही 61 वर्षीय महिला के साथ हुई। महालक्ष्मी अपार्टमेंट के सामने स्कूटी सवार दो बदमाशों ने महिला को डराया-धमकाया और उसके गले से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर उसे धक्का दे दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में तुलिंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था।

चोरी की स्कूटी से की थी तीनों वारदातें

लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराध शाखा यूनिट-3, विरार ने समानांतर जांच शुरू की। घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 16 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वसई गांव के पारनाका इलाके से सफेद रंग की होंडा एक्टिवा (क्रमांक MH-48-AQ-7122) चोरी की थी। इसी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल कर अगले दिन तीनों महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में वसई पुलिस स्टेशन में वाहन चोरी का मामला भी दर्ज किया गया।

सुरूची बाग के जंगल में छिपे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी वसई के कांदळवन और सुरूची बाग के जंगल क्षेत्र में छिपकर बैठे थे। लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने 21 नवंबर 2026 को दोनों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश गोकुल राठौड़ (22), निवासी पंचवटी, नासिक और आदित्य कुंडलीक मांझीरे (20), निवासी राहुडे गांव, तहसील मुलशी, जिला पुणे के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने मित्र आदित्य भगवान सोनार (22) की मदद से स्कूटी चोरी करने और उसी वाहन का इस्तेमाल कर तीनों चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। राकेश राठौड़ पर कुल 9 और आदित्य मांझीरे पर 2 मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए वसई पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच वसई पुलिस कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नितीन पाटील के मार्गदर्शन में की गई। अपराध शाखा यूनिट-3 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक समीर शेख, सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल तळेकर, पुलिस उपनिरीक्षक मंगेश वडणे, प्रकाश तुपलोंढे, रामचंद्र पाटील सहित यूनिट के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर पुलिस स्टेशन के सहायक फौजदार संतोष चव्हाण ने भी जांच में सहयोग किया।