28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
विरार: भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार रविवार, 28 जून 2026 को देशभर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद जीवन की पिलाई जाएगी। महानगरपालिका आयुक्त एवं चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके तहत पूरे शहर में 966 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जो सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ियों, स्कूलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा यात्रा कर रहे बच्चों तक पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, नाकों, निर्माण स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 95 ट्रांजिट टीमें तथा 32 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। जो बच्चे 28 जून को बूथ पर टीकाकरण से वंचित रह जाएंगे, उनके लिए 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी पोलियो की खुराक पिलाएंगे।
चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस सक्रिय है। इसलिए पहले से पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी 28 जून को दोबारा पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। महानगरपालिका ने सभी अभिभावकों, नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि 0 से 5 वर्ष आयु का कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रहे।