यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के अवैध स्थानांतरण पर होगी सख्त कार्रवाई

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
29 जून 2026, 04:22 PM
22 व्यूज
admin
admin
Editor
यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के अवैध स्थानांतरण पर होगी सख्त कार्रवाई

यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के अवैध स्थानांतरण पर होगी सख्त कार्रवाई


विधानसभा में उठा यश विद्यानिकेतन स्कूल का मुद्दा

मयंक रावत

नालासोपारा: विरार स्थित यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के कथित अवैध स्थानांतरण का मामला सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा में गूंजा। भाजपा विधायक राजन नाईक द्वारा प्रश्नकाल के दौरान मुद्दा उठाए जाने पर स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


पांच साल बंद स्कूल में दिए गए आरटीई प्रवेश


विधायक राजन नाईक ने सदन में कहा कि पिछले पांच वर्षों से यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल बंद होने के बावजूद आरटीई के तहत विद्यार्थियों को उसी स्कूल में प्रवेश दिया जाता रहा। इससे सैकड़ों अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें बार-बार मुंबई के चर्नी रोड स्थित शिक्षा निदेशालय तथा पालघर जिला परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े।


शिक्षा विभाग में भारी स्टाफ की कमी


राजन नाईक ने बताया कि वसई तालुका के 150 स्कूलों में आरटीई के तहत 4,056 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन शिक्षा विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को चुलणे स्थित शिक्षा कार्यालय में सुबह से लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। वसई तालुका में साढ़े तीन लाख से अधिक विद्यार्थी हैं, जबकि समूह शिक्षा अधिकारी का पद प्रभारी के भरोसे चल रहा है। सात केंद्र प्रमुखों के पद रिक्त हैं और सात स्वीकृत विस्तार अधिकारियों में केवल एक अधिकारी कार्यरत है। इसके अलावा लेखाधिकारी, अधीक्षक, एमआईएस को-ऑर्डिनेटर और डीटीपी ऑपरेटर सहित कई महत्वपूर्ण पद खाली हैं।


सभी रिक्त पद भरने की मांग


विधायक राजन नाईक ने शिक्षा विभाग के सभी रिक्त पदों को तत्काल भरने की मांग करते हुए कहा कि पर्याप्त स्टाफ नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


जिला परिषद स्कूलों के हस्तांतरण का मुद्दा भी उठा


राजन नाईक ने सदन में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में 16 जुलाई 2025 को हुई बैठक में वसई तालुका की जिला परिषद स्कूलों को वसई-विरार महानगरपालिका को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने इस विषय पर विशेष बैठक बुलाने की भी मांग की।


शिक्षा मंत्री ने दिए ये आश्वासन


जवाब में शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के स्थानांतरण मामले की जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों को कानूनी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगामी तबादलों के दौरान वसई तालुका में शिक्षा विभाग के सभी रिक्त पद भरने की प्रक्रिया की जाएगी।


जिला परिषद स्कूलें भी होंगी महानगरपालिका को हस्तांतरित


शिक्षा मंत्री ने सदन को यह भी भरोसा दिलाया कि वसई तालुका की जिला परिषद स्कूलों को वसई-विरार महानगरपालिका को हस्तांतरित करने के निर्णय को भी जल्द लागू किया जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।