वसई-विरार में दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश का कहर सड़कें बनीं दरिया, पेल्हार और मांडवी में सबसे ज्यादा बारिश, कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
वसई-विरार में दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश का कहर
सड़कें बनीं दरिया, पेल्हार और मांडवी में सबसे ज्यादा बारिश, कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
(मयंक रावत)
नालासोपारा: वसई-विरार में लगातार दूसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्ग और निचले इलाके जलमग्न हो गए। जगह-जगह जलभराव, धीमी पड़ती यातायात व्यवस्था, घरों और दुकानों में घुसा पानी तथा पेड़ गिरने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हालात को देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं और जलनिकासी के लिए हाई-कैपेसिटी पंप लगातार चलाए जा रहे हैं।
बारिश का औसतन 81.25 मिमी वर्षा दर्ज
महानगरपालिका के अनुसार, मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक शहर में औसतन 81.25 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं महानगरपालिका के आठों प्रशासनिक विभागों में कुल मिलाकर करीब 650 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश पेल्हार और मांडवी क्षेत्रों में हुई, जहां जलभराव की स्थिति सबसे गंभीर रही।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, घंटों फंसे वाहन
मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिला। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। लंबा जाम लगने से वाहन रेंगते नजर आए और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।पेड़बारिश के कारण विरार के विवा कॉलेज परिसर, कुंभारपाड़ा रोड, श्रीप्रस्थ रोड, सनटेक गास रोड तथा नालासोपारा के तुलिंज, विजय नगर, धानिव बाग, नायगांव स्टार सिटी, चुलणे, बंगली रोड, देवतलाव और गिरीज सहित कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया। कई निचले इलाकों की चॉलों और दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
पेड़ गिरने की घटनाएं, प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
लगातार बारिश के बीच शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रास्तों को साफ कराया। जलभराव वाले इलाकों में हाई-कैपेसिटी पंपों के जरिए पानी निकालने का काम युद्धस्तर पर जारी है। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।