उफनते नाले ने निगलीं दो कारें, वसई में बारिश के बीच चालक ने लगाई मौत से छलांग

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
01 जुलाई 2026, 08:52 PM
2 व्यूज
admin
admin
Editor
उफनते नाले ने निगलीं दो कारें, वसई में बारिश के बीच चालक ने लगाई मौत से छलांग

उफनते नाले ने निगलीं दो कारें, वसई में बारिश के बीच चालक ने लगाई मौत से छलांग

(मयंक रावत)

वसई: वसई-विरार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच वसई पूर्व के राजावली स्थित वाघराल पाड़ा इलाके में तेज बहाव के कारण दो कारें बड़े नाले में बह गईं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तेज बहाव में बहती कार पुल से टकराई

जानकारी के अनुसार, बहने वाली कारों में से एक वैगनआर में चालक सवार था। तेज बहाव के कारण कार काफी दूर तक बहती चली गई और पैदल यात्रियों के लिए बने एक छोटे पुल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।

चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान

गनीमत रही कि कार पूरी तरह पानी में डूबने से पहले चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बड़ा हादसा टल गया।

जेसीबी की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से दोनों वाहनों को नाले से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया, जो देर तक जारी रहा।

स्थानीय लोगों ने उठाए प्रशासन पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाघराल पाड़ा क्षेत्र में हर वर्ष भारी बारिश के दौरान जलभराव और तेज बहाव की समस्या उत्पन्न होती है। उनका आरोप है कि इस बार कारों के बह जाने की घटना ने प्रशासन की तैयारियों और नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।