नालासोपारा में 4.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
22 जुलाई 2026, 06:05 PM
8 व्यूज
admin
admin
Editor
नालासोपारा में 4.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार
मुख्य बिंदु:

नालासोपारा में 4.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

नालासोपारा में 4.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

(मयंक रावत)

नालासोपारा: तुलिंज पुलिस की एंटी टेरर सेल (एटीसी) ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालासोपारा पूर्व के नारायण नगर स्थित वैष्णवी अपार्टमेंट में छापेमारी कर 4.83 करोड़ रुपये मूल्य की कोकेन और एमडीएमए (एक्स्टसी) टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से नाइजीरिया की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ओमोरोगबे मेरिट एनाघेडे को गिरफ्तार किया है।

663 ग्राम कोकेन और 1.01 किलो एमडीएमए जब्त

डीसीपी अशोक विरकर ने बताया कि 21 जुलाई की शाम एटीसी टीम को सूचना मिली थी कि वैष्णवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में विदेशी नागरिक ड्रग्स की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एपीआई धर्मेंद्र पवार और पीएसआई राहुल फड के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान 663 ग्राम कोकेन (कीमत 3.31 करोड़ रुपये) और 1 किलो 10 ग्राम एमडीएमए/एक्स्टसी टैबलेट (कीमत 1.51 करोड़ रुपये) बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत 4.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ तुलिंज पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 526/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट, इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट-2025 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत ने आरोपी को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

बिना पुलिस सत्यापन किराए पर दिया था फ्लैट

जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने बिना पुलिस सत्यापन के विदेशी महिला को फ्लैट किराये पर दिया था। किरायेदार सत्यापन नियमों के उल्लंघन के चलते मकान मालिक को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने नागरिकों से विदेशी नागरिकों को मकान किराये पर देने से पहले अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है।

एटीसी टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई डीसीपी अशोक विरकर और प्रभारी एसीपी देवेंद्र पोळ के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव के नेतृत्व में एटीसी की टीम ने की। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक राहुल फड कर रहे हैं।