14 करोड़ खर्च के बावजूद सड़क गड्ढों में.. वसंतनगरी सड़क कार्य में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग,युवा सेना आक्रामक

ब्रेकिंग न्यूज़
Vasai-Virar
26 अगस्त 2026, 11:38 AM
19 व्यूज
admin
admin
Editor
14 करोड़ खर्च के बावजूद सड़क गड्ढों में..  वसंतनगरी सड़क कार्य में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग,युवा सेना आक्रामक
मुख्य बिंदु:

14 करोड़ खर्च के बावजूद सड़क गड्ढों में..

वसंतनगरी सड़क कार्य में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग,युवा सेना आक्रामक

14 करोड़ खर्च के बावजूद सड़क गड्ढों में..

वसंतनगरी सड़क कार्य में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग,युवा सेना आक्रामक

(मयंक रावत)

वसई : वसंतनगरी क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य पर खर्च किए गए करीब 14 करोड़ रुपये की सार्वजनिक निधि को लेकर आर्थिक अनियमितता, कथित भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण कार्य और सरकारी निधि के संभावित दुरुपयोग के आरोपों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क पर दोबारा बड़े-बड़े गड्ढे होने से पूरे काम की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग युवा सेना ने की है।

महापौर,आयुक्त और विपक्ष के नेता को सौंपा ज्ञापन

युवा सेना के प्रतिनिधिमंडल ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका के महापौर अजीवजी पाटील, आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. तथा विपक्ष के नेता मनोजजी पाटील से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि पिछले वर्ष के साथ-साथ इस वर्ष भी सड़क पर बड़े पैमाने पर गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री, वास्तविक कार्य की मात्रा और निधि के उपयोग की जांच आवश्यक है।

वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों की समिति बनाने की मांग

युवा सेना ने मांग की है कि मामले की जांच केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित न रखी जाए। इसके लिए स्वतंत्र वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों की समिति गठित कर सड़क का प्रत्यक्ष निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण कराया जाए। साथ ही प्रशासनिक एवं तकनीकी मंजूरी, निविदा प्रक्रिया, स्वीकृत अनुमान, वास्तविक कार्य की मात्रा, ठेकेदार को किए गए भुगतान, माप पुस्तिका, बिल तथा गुणवत्ता नियंत्रण रिपोर्ट की जांच की जाए।

निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल

सड़क निर्माण में इस्तेमाल किए गए डामर, गिट्टी, मुरुम और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप थी या नहीं, इसकी जांच की मांग की गई है। इसके अलावा सामग्री की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट उपलब्ध है या नहीं और रिपोर्ट के आधार पर गुणवत्ता सुनिश्चित की गई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल किए जाने की मांग युवा सेना ने की है।

कागजों पर ज्यादा काम दिखाने का आरोप

युवा सेना ने यह भी सवाल उठाया है कि कहीं वास्तविक कार्य से अधिक मात्रा कागजों पर तो नहीं दर्शाई गई। घटिया सामग्री के बावजूद बिल मंजूर किए गए थे या नहीं तथा माप और भुगतान में किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं, इसकी विस्तृत जांच करने की मांग की गई है।

ठेकेदार के कामकाज की जांच की मांग

सड़क निर्माण से संबंधित ठेकेदार सैतान सिंह की कार्यप्रणाली और अनुबंध की शर्तों के पालन की भी जांच करने की मांग की गई है। युवा सेना ने कहा कि यदि तकनीकी जांच में सड़क का काम घटिया पाया जाता है, तो ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने, नुकसान की भरपाई वसूलने और दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारी, अभियंता एवं ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

गणेशोत्सव से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत

गणेशोत्सव को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए युवा सेना ने सड़क का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही गड्ढों की खानापूर्ति के बजाय तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने पर जोर दिया गया है।

जनता के टैक्स के पैसे का हिसाब सामने आए’

युवा सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि जनता के टैक्स से जमा किए गए करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि सड़क फिर खराब हो जाती है, तो निधि का सही इस्तेमाल हुआ या नहीं, इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। उनका कहना है कि दोषी व्यक्ति किसी भी स्तर का हो, जांच में दोष साबित होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस अवसर पर युवा सेना जिला अधिकारी अतुल मोटे, जिला सचिव प्रतीक जाधव, जिला चिटणीस निशांत बिरजे, जिला समन्वयक रोहन पठारे, वसई उपजिला अधिकारी भरत म्हात्रे, नालासोपारा उपजिला अधिकारी रुपेश चव्हाण, बोईसर उपजिला अधिकारी जयेश पाटील, भूषण वैती, गणेश साठे, ब्रह्मेश सावंत, गौरव झांजे, अमित राणे, प्रथमेश सुर्वे, अर्जुन खैरे, कैलास टोपले, शहर समन्वयक सागर बागले और नालासोपारा सहसचिव विनित जाधव सहित युवा सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।